दिल्ली सरकार द्वारा यमुना की सफाई के नाम पर दिल्ली वालों को एक लम्बे समय से विभिन्न योजनाओं का झाँसा दिया जाता रहा है, परंतु यह जगजाहिर है कि यमुना साफ होने की जगह निरंतर और दूषित ही हो रही है। हाल ही में यमुना नदी में केमिकल्स के कारण बनने वाले जहरीले झागों को मिटाने के लिए दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारी नदी में पानी की बौछार करते देखे गए।

हर वर्ष यमुना नदी में बनने वाले जहरीले झागों के बीच छठ मनाते लोगों की तस्वीरें खासी वायरल होती हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर दिल्ली सरकार को काफी आलोचना झेलनी पड़ती है।

हाल ही में इस विषय में एक नया और अजीब कृत्य देखने को तब मिला जब दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारियों को इन ज़हरीले झागों पर पानी का छिड़काव करने का काम दिया गया।

मीडिया से इस कृत्य के विषय में बातचीत करते हुए दिल्ली जल बोर्ड के एक कर्मचारी अशोक कुमार ने कहा:

“हम दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारी हैं और हमें यमुना में बन रहे जहरीले झागों को मारने का काम दिया गया है। हमें शाम 5 बजे तक यहाँ पानी का छिड़काव करना है।”

छठ के पर्व के विषय में पूछने पर दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारी ने कहा कि उन्हें इस विषय में कोई जानकारी नहीं है, उन्हें केवल झाग मारने के लिए पानी के छिड़काव करने के आदेश दिए गए हैं।

DISCLAIMER: The author is solely responsible for the views expressed in this article. The author carries the responsibility for citing and/or licensing of images utilized within the text.