“यशस्वी सूर्य अम्बर चढ़ रहा है तुमको सूचित हो
विजय का पथ सुपथ पर बढ़ रहा है तुमको सूचित हो”

जब से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदीजी की अमेरिका यात्रा पूर्ण हुई है तब से अनायास ही बार बार डॉ. कुमार विश्वास जी की ये पंक्तियां दिमाग में आ रही है। और आये भी क्यों नही ; आखिर स्वतंत्रता के इतने वर्षों बाद सम्पूर्ण विश्व में भारत का झंडा पूरी शान से लहरा रहा है, विश्व के शक्तिशाली देश भी भारत से सम्बन्ध बनाने को आतुर हो रहे है, आज हर एक क्षेत्र में भारत की मजबूत होती छवि झलक रही है।

जिस अमेरिका ने 1971 के युद्ध, करगिल युद्ध या फिर परमाणु परीक्षण में भारत का विरोध किया, भारत पर कड़े प्रतिबंध लगाएं ; आज वही अमेरिका संयुक्त राष्ट्र संघ में भारत की स्थायी सदस्यता की पैरवी कर रहा है। ग्लोबल मंचो पर भारत की तारीफ कर रहा है, भारतीय प्रधानमंत्री को व्हाइट हाउस से निमंत्रण भेजा जा रहा है। इन सब बातों से पता चलता है कि विगत कुछ वर्षों में भारत ने अपनी छवि इतनी दमदार की है कि बड़े बड़े देश भी भारत से जुड़ना चाहते है।

भारत रूपी सूर्य वैश्विक राजनीति के अम्बर में स्वयं की चमक दिनोंदिन बढ़ा रहा है। इसमें किंचित मात्र भी संदेह नही है कि जब से मोदीजी ने भारत का नेतृत्व संभाला है तब से विदेशी धरती पर भारत की और भारतीयों के प्रति दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव आया है। पहले कभी जिन भारतीयों को विदेशी धरती पर हेय दृष्टि से देखा जाता था आज उसी विदेशी धरती पर भारतीय संस्कृति को आत्मसात किया जा रहा है। भारत के रहन सहन, खान पान इत्यादि को वहाँ सम्मान के साथ अपनाया जा रहा है।
भारतीय परंपरा के त्योहारों को विदेशी धरती पर बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। इन सबसे पीछे भी मोदीजी की सॉफ्ट पावर डिप्लोमेसी ही थी जिसकी वजह से आज हर एक देश में भारतीय समुदाय खुद की विशिष्ट पहचान बना रहा है।

पहले जो ग्लोबल कम्पनियां भारत में निवेश करने से मना करती है आज उन्ही कम्पनियों के CEO मोदीजी के साथ मीटिंग कर रहे है और भारत को निवेश के लिए सबसे बेहतरीन जगह बता रहे है। इसी का परिणाम है कि अमेरिका की कई प्रमुख कम्पनियों ने भारत में करोड़ो अरबों का निवेश करने हेतु घोषणा कर दी है।

निष्कर्षतः प्रधानमंत्री मोदीजी के कुशल नेतृत्व में आज भारत की पैठ विश्व के प्रमुख मंचों पर मजबूती के साथ बढ़ रही है। अनेक वैश्विक समस्याओं के समाधान एवं मध्यस्थता हेतु भारत को उम्मीद भरी नजरों से देखा जा रहा है। यही नही बल्कि आज भारत के हर एक कदम पर सम्पूर्ण विश्व की निगाहें रहती है। इसके अलावा जिन संगठनों का भारत सदस्य नही है वहाँ भी भारत को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में निमंत्रण भेजा जाता है।

भारत एवं सम्पूर्ण भारतवासियों के लिए ये समय बहुत ही गर्व वाला है। आज भारत की पहचान एक मजबूत एवं विकसित राष्ट्र के रूप में है और हम भारतवासी यही चाहते है कि आने वाले कई वर्षों तक मोदीजी के नेतृत्व में भारत की मजबूत पहचान ऐसी ही बनी रहे।

जय हिंद 🇮🇳
जय भारत 🇮🇳

DISCLAIMER: The author is solely responsible for the views expressed in this article. The author carries the responsibility for citing and/or licensing of images utilized within the text.